एचडीएफसी बैंक में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला

टेन न्यूज़ !! २५ मई २०२६ !! ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। शहर के कानपुर रोड स्थित HDFC Bank की शाखा में रविवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत प्रणाली में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय बैंक बंद था और परिसर में केवल सुरक्षाकर्मी कृष्णा कुमार मौजूद थे। उन्होंने अचानक धुआं उठते देखा, जिसके बाद कुछ ही देर में बैंक के अंदर धुआं फैलने लगा। सुरक्षाकर्मी ने तत्काल बैंक अधिकारियों और फायर सर्विस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। फायर कर्मियों ने बैंक परिसर को सुरक्षित करते हुए आग को फैलने से रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सुरक्षाकर्मी समेत सभी लोग सुरक्षित हैं। सूचना मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फायर सर्विस की तत्परता और समय पर कार्रवाई के कारण बड़ा नुकसान टल गया।
फिलहाल बैंक प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।