• Thu. Jul 30th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

स्कूल से घर लौट रहे नौवीं के छात्र की सड़क हादसे में मौत, भाग रहे पिकअप चालक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

ByTen News One Desk

Jul 30, 2026
5 Views

स्कूल से घर लौट रहे नौवीं के छात्र की सड़क हादसे में मौत, भाग रहे पिकअप चालक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा


टेन न्यूज़ !! ३० जुलाई २०२६ !! रिपोर्ट: टेन न्यूज़ | शाहजहांपुर

शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा रोड पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा के छात्र की जान चली गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से संजय विद्या मंदिर (संजय इंटर कॉलेज) के छात्र अंश त्रिवेदी की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद अंश त्रिवेदी घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पार करते समय तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और ग्रीन वैली स्कूल के पास पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रोजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि अंश त्रिवेदी परिवार के इकलौते बेटे थे। करीब दो वर्ष पूर्व उनके पिता का निधन हो चुका था। इसके बाद उनकी मां एक निजी विद्यालय में नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हुए बेटे की पढ़ाई करवा रही थीं। परिवार की तमाम उम्मीदें अंश से जुड़ी थीं, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक मां का आखिरी सहारा भी छीन लिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में शोक का माहौल है, वहीं विद्यालय में भी छात्र की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!