तिलहर में कांवड़ियों के जत्थे का भव्य स्वागत हरिद्वार से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे शिवभक्त
टेन न्यूज़ !! २२ जुलाई २०२५ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
सावन माह में शिवभक्ति की अलौकिक छटा तिलहर नगर में उस समय देखने को मिली, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर) की ओर जा रहे कांवड़ियों के जत्थे का नगरवासियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
आपको बताते चले कि मंगलवार को तिलहर नगर की मुख्य सड़कों पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। हरिद्वार से कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर निकले शिवभक्तों के जत्थे जैसे ही नगर में पहुंचे, तभी स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा, माला पहनाकर और जलपान वितरित कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
कांवड़ियों के “बोल बम”, “हर हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से पूरा नगर भक्तिरस में डूब गया। विशेष रूप से युवाओं में शिवभक्ति को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। नगर के कई स्थानों पर सेवा शिविर भी लगाए गए, जहां विश्राम, प्राथमिक उपचार और पेयजल की व्यवस्था की गई थी।

स्थानीय समाजसेवियों ने बताया कि सावन माह में प्रतिवर्ष यह परंपरा निभाई जाती है, ताकि कांवड़ यात्रा में कोई असुविधा न हो। नगरवासियों के सहयोग से यह आयोजन सफल हुआ।
गौरतलब है कि सावन मास के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंचते हैं और वहां से पैदल यात्रा कर शिवधाम गोला गोकर्णनाथ या अन्य ज्योतिर्लिंगों में जलाभिषेक के लिए जाते हैं।







