• Tue. Apr 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मीरानपुर कटरा में भीषण आग, सैकड़ों ट्रॉली भूसा जलकर राख—दमकल न पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश

ByTen News One Desk

Apr 21, 2026
2 Views

मीरानपुर कटरा में भीषण आग, सैकड़ों ट्रॉली भूसा जलकर राख—दमकल न पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश


टेन न्यूज़ ii 21 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सावित्री इंडेन गैस एजेंसी के समीप शारदा नहर किनारे स्थित आम के बाग में मंगलवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। किसानों द्वारा इकट्ठा किया गया सैकड़ों ट्रॉली भूसा धू-धू कर जल उठा, जिससे पूरे क्षेत्र में धुआं और लपटें फैल गईं।

आग की चपेट में बाग के पास बने एक-दो मकान भी आ गए, जिनमें रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ सामान बाहर निकाल लिया, लेकिन नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।

घटना का सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड के न पहुंचने से आग ने विकराल रूप ले लिया। इस लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही आग आबादी वाले क्षेत्र में लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था और कई परिवार बेघर हो जाते। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। जेसीबी मशीन की मदद से शारदा नहर का पानी मोड़कर आग बुझाने की कोशिश की गई। लेखपाल कमलेश भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!