NET की परीक्षा देकर घर लौट रहे यूपी पुलिस के जवान की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
टेन न्यूज़ ii 04 जनवरी 2026 ii रिपोर्ट: वसीम खान (ब्यूरो)
लोकेशन: रायबरेली
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी पुलिस के एक जवान की मौत हो गई। जवान राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) देकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बांदा–बहराइच मार्ग की है।
जानकारी के अनुसार, शिवगढ़ क्षेत्र के निहालखेड़ा गांव निवासी शिवनारायण, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही थे, लखनऊ में नेट परीक्षा देने गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सीएचसी बछरावां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शिवनारायण वर्ष 2019 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में जौनपुर जनपद के सुजानगंज थाने में डायल 112 सेवा पर तैनात थे। वह सात भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके पिता ने मजदूरी कर कठिन परिस्थितियों में बच्चों की परवरिश और पढ़ाई कराई थी। शिवनारायण की मेहनत और लगन से पुलिस विभाग में चयन हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी गई है।
टेन न्यूज़ के लिए रायबरेली से ब्यूरो रिपोर्ट – वसीम खान






