“कटरा हाईवे पर हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में महिला समेत दो गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर”
टेन न्यूज़ ii 21 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां पीछे से आई बाइक ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम बाजपुर कुमिरखा निवासी सुनील कुमार की पत्नी अंजलि अपने पुत्र युवराज के साथ ई-रिक्शा से तिलक समारोह में जा रही थीं। जैसे ही ई-रिक्शा ग्राम खिरिया के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार नन्हे कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ई-रिक्शा में सवार अंजलि भी गिरकर चोटिल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल कटरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
