कटरा में चला प्रशासन का डंडा: 15 जुलाई के बाद बिना पंजीकरण क्लीनिकों पर होगी एफआईआर
टेन न्यूज़ !! १३ जुलाई २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहाँपुर
कटरा नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों पर अब प्रशासन का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को छापेमारी अभियान चलाकर दर्जनों संस्थानों की जांच की।
अभियान का नेतृत्व कर रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा खुदागंज के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. फैज़ान खाँ ने बताया कि नगर के विभिन्न इलाकों में 12 से अधिक निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान कई संस्थान बिना पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखों के संचालन करते पाए गए। नियमों की अवहेलना करने वाले संचालकों को दो दिन के भीतर सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस दिया गया है।
15 जुलाई के बाद होगी एफआईआर
डॉ. फैज़ान खाँ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि 15 जुलाई के बाद यदि किसी संचालक ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है और कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं बर्दाश्त
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि अब स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी तरह से अलर्ट है और लगातार निगरानी की जा रही है।







