महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित हुआ एएसएमिता रग्बी टूर्नामेंट![]()
टेन न्यूज़ ।। 13 सितम्बर 2026 ।। प्रशांत वैश्य ब्यूरो
सोनितपुर/असम। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), रग्बी इंडिया तथा रग्बी एसोसिएशन ऑफ इंडिया की सोनितपुर जिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में एएसएमिता (ASMITA—Achieving Sports Milestone by Inspiring Women through Action) कार्यक्रम के तहत रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिले के बेलशिरी स्थित मेजेंगजुली एम.ई. स्कूल खेल मैदान में आयोजित एएसएमिता रग्बी सिटी टूर्नामेंट का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। रग्बी संघ की सोनितपुर जिला समिति के अध्यक्ष डॉ. सुखदेव अधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद बेलशिरी चाय बागान के प्रबंधक लक्ष्मी माझी देव ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
सोनितपुर जिला रग्बी संघ के सचिव जोनाथन नार्जारी के संचालन में आयोजित उद्घाटन समारोह में समाजसेवी रत्नेश्वर राभा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मंच प्रदान करना है। आयोजकों के अनुसार, खेलों के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास और सशक्तीकरण की भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना इस कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य है।
“खेल के माध्यम से पहचान” के मूलमंत्र के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता में रग्बी के प्रति रुचि रखने वाले खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।