विशुनगढ थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं![]()
टेन न्यूज़।। 26 सितंबर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। शनिवार को थाना विशुनगढ़ में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी कन्नौज आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का गंभीरता, निष्पक्षता तथा समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायती प्रार्थना-पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
समाधान दिवस के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना विशुनगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के अभिलेखों, कार्यालय, मालखाना एवं बैरकों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।