कटरा बाजार में चाऊमिन स्टाल पर हमला, दो सगे भाई घायल, बाजार में मची अफरा-तफरी
टेन न्यूज़ !! २६ जुलाई २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)।
कटरा मेन बाजार में गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चाऊमिन स्टाल पर अचानक दो दर्जन से अधिक युवकों ने धावा बोल दिया। हमलावरों ने न सिर्फ स्टाल पर तोड़फोड़ की, बल्कि वहां मौजूद दो सगे भाइयों को डंडों, लात-घूंसों से जमकर पीट दिया। अचानक हुए इस हमले से पूरा बाजार दहशत में आ गया।
मोहल्ला तहवरगंज निवासी शोबू और सनी पुत्रगण रामपाल राठौर मेन बाजार की घास मंडी में चाऊमिन स्टाल लगाते हैं। गुरुवार शाम स्टाल पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ थी, तभी अचानक डंडों से लैस युवक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के हमला बोल दिया। हमलावरों ने स्टाल पर रखा सामान बिखेर दिया और दोनों भाइयों को पीट-पीटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने तत्काल अपने शटर गिरा लिए, जबकि अन्य स्टाल व ठेला लगाने वाले लोग अपना सामान समेटकर मौके से भाग निकले। हमलावर हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। बाजार में व्यापारी वर्ग ने घटना पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।







