अलवर में भगवान श्री अरूट महाराज जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने दिखाई हरी झंडी![]()
टेन न्यूज ii 31 मई 2026 ii रुपेश शर्मा-ब्यूरो, लोकेशन: अलवर, राजस्थान
अलवर में भगवान श्री अरूट महाराज जी की जयंती के अवसर पर खत्री पंजाबी समाज सेवा समिति द्वारा भव्य समारोह एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने शिरकत करते हुए भगवान श्री अरूट महाराज की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने शोभायात्रा को भगवा झंडी दिखाकर रवाना किया।
विवेकानंद चौक स्थित पुरुषार्थी धर्मशाला में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि भगवान श्री अरूट महाराज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली और पावन रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री अरूट महाराज को भगवान श्रीराम के वंशज के रूप में माना जाता है, जिन्होंने त्रेतायुग में समाज को एकता, मर्यादा और पुरुषार्थ का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी सामाजिक सौहार्द और हिंदू-सिख एकता के मजबूत प्रेरणास्रोत हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री अरूट महाराज के बताए मार्ग पर चलकर विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने खत्री पंजाबी समाज की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज ने शिक्षा, व्यापार और समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है तथा देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संकट और पर्यावरण संतुलन एक बड़ी चुनौती है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ जैसे कार्यक्रम चला रही है। ऐसे में सभी लोगों को जल संरक्षण और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, खत्री पंजाबी समाज सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेरू विंग, अध्यक्ष दीपक नागपाल, डॉ. अमित छाबड़ा, पंकज मल्होत्रा, महेश खत्री, गुलशन ग्रोवर, चरनजीत सुनेजा, दौलतराम हजरती, सौरभ कालरा, यश तलवार, उत्कर्ष अरोड़ा, सतीश भाटिया, प्रेम गांधी, राजेंद्र आहूजा, ओमप्रकाश, दीवान चंद सेतिया कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।