• Wed. Jun 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर में आयुष का बड़ा असर! 3 महीने में 25 हजार मरीजों का मुफ्त इलाज

ByTen News One Desk

May 21, 2026
24 Views

शाहजहांपुर में आयुष का बड़ा असर! 3 महीने में 25 हजार मरीजों का मुफ्त इलाज


DM ने बच्चों की लंबाई बढ़ाने वाले होम्योपैथिक उपचार को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के दिए निर्देश


शाहजहाँपुर, 21 मई 2026। जिले में आयुष चिकित्सा का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित जिला आयुष सोसाइटी की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले तीन महीनों (फरवरी, मार्च और अप्रैल) में जिले में आयोजित आयुष चिकित्सा शिविरों के माध्यम से करीब 25 हजार मरीजों को निःशुल्क उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं।

बैठक में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयुष मिशन के तहत संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, चिकित्सा शिविरों और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा होम्योपैथिक चिकित्सा निर्देशिका पुस्तक का विमोचन भी किया गया। बच्चों की लंबाई बढ़ाने में होम्योपैथिक उपचार से सकारात्मक परिणाम मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसका लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाया जाए।

जिलाधिकारी ने हर बुधवार आयोजित होने वाले आयुष चिकित्सा शिविरों को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आमजन को आयुष पद्धति के प्रति जागरूक करने के लिए फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ाई जाए। लाभार्थियों के अनुभव और शॉर्ट वीडियो नियमित रूप से साझा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को 30 सेकंड का जागरूकता वीडियो तैयार करने को कहा गया।

योग को बढ़ावा देने के लिए बड़े गांवों की मुख्य सड़कों के किनारे योग कैंप लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। जिले में आयुष सुविधाओं को मजबूत करने के लिए आयुष्मान आरोग्यमंदिर मझला और जिठौरा को पुनर्विकास के लिए चयनित किया गया है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी सहित आयुष विभाग के अधिकारी, चिकित्साधिकारी और योग प्रशिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!