बड़ी खबर – शाहजहाँपुर से गैर मान्यता स्कूलों पर डीएम की सख्ती, दोबारा खुले तो लगेगा ₹1 लाख का जुर्माना!

टेन न्यूज।। 19 जुलाई 2025 ।। डीपी सिंह डेस्क@शाहजहाँपुर।
जनपद में अवैध रूप से संचालित हो रहे गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर अब प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के कड़े निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर बिना मान्यता चल रहे कई विद्यालयों को बंद कराया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी बंद कराया गया विद्यालय दोबारा संचालित होता पाया गया, तो उस पर ₹1,00,000 का आर्थिक दंड लगाया जाएगा और विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन की यह कार्रवाई उन स्कूल संचालकों के लिए सीधा संदेश है, जो शिक्षा के नाम पर नियमों की धज्जियाँ उड़ा रहे हैं। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि इस प्रकार के संस्थानों पर सतत निगरानी रखी जाए और जनहित में कोई ढील न बरती जाए।
इस कदम से जिले में अभिभावकों के बीच भी राहत का माहौल है, जो बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित थे।
बिना मान्यता चल रहे विद्यालयों को बंद किया गया
दोबारा खुलने पर ₹1 लाख जुर्माना और कानूनी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने दिए शिक्षा विभाग को निगरानी के निर्देश






