• Wed. Apr 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

साईकिल खड़ी करने को लेकर चौराहे पर खूनी संघर्ष, वीडियो वायरल, सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश नाकाम

ByTen News One Desk

Apr 22, 2026
9 Views

साईकिल खड़ी करने को लेकर चौराहे पर खूनी संघर्ष, वीडियो वायरल, सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश नाकाम


टेन न्यूज़ ii 22 अप्रैल 2026 ii वसीम खान ब्यूरो,
रायबरेली (महाराजगंज)
रायबरेली जनपद के महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित एक व्यस्त चौराहे पर साइकिल खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत साइकिल खड़ी करने को लेकर हुई थी। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने दूसरे युवक पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक की पत्नी और बच्चे उसे बचाने के लिए गुहार लगाते रहे, लेकिन हमलावर बेरहमी से पिटाई करते रहे।

घटना का वीडियो वायरल होते ही कुछ शरारती तत्वों ने इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की और भ्रामक दावों के साथ सोशल मीडिया पर फैलाया। हालांकि, पुलिस की जांच में यह साफ हो गया कि मामला पूरी तरह से आपसी विवाद का है, इसका किसी भी धर्म या समुदाय से कोई संबंध नहीं है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजगंज पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया है, जिससे क्षेत्र में शांति बहाल हो गई है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो को बिना सत्यता जाने साझा न करें और न ही उसे धार्मिक रंग देने की कोशिश करें। ऐसा करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का कारण भी बन सकता है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!