BREAKING NEWS: खैरपुर चौराहे पर घटियाघाट दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की इको कार को ट्रक ने मारी टक्कर, पांच श्रद्धालू गंभीर घायल
टेन न्यूज़ !! २१ जुलाई २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)।
बरेली जिले के ग्राम शेखापुर से घटियाघाट (फर्रुखाबाद) दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा उस समय हादसे में बदल गई जब उनकी इको कार को खैरपुर चौराहे के पास एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शेखापुर थाना भुता, जिला बरेली निवासी सात लोग सोमवार रात्रि लगभग 2 बजे एक इको कार से फर्रुखाबाद स्थित घटियाघाट के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 4 बजे जब उनकी गाड़ी मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के खैरपुर चौराहे के पास पहुंची, तभी जलालाबाद की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सामने से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार रामबाबू शुक्ला (पुत्र ब्रह्मा दत्त, सेवानिवृत्त अध्यापक), सुरेंद्र कुमार (पुत्र मिट्ठू लाल), नेत्रपाल सिंह (पुत्र गंगा सिंह), हरिशंकर अवस्थी (पुत्र रामदत्त),अमित कुमार ,पुत्र, रामनिवास गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कटरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना पर मीरानपुर कटरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए हाईवे पर रात्रिकालीन निगरानी बढ़ाई जाए और फरार ट्रक चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।







