दबंगों से जान का खतरा बताकर पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी से लगाई न्याय की गुहार, सीसीटीवी में घटना कैद होने का दावा

टेन न्यूज़ !! 12 जुलाई २०२६ !! प्रभाष चंद्र ब्यूरो. कन्नौज
जनपद कन्नौज की सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सकरी खुर्द से एक मामला सामने आया है, जहां पीड़ित ने कुछ लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा अवैध हथियार लहराकर डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने सदर कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह को शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सकरी खुर्द की प्रधान रिचा कटियार एवं प्रधान प्रतिनिधि निर्मल कटियार भी मामले को लेकर कोतवाली पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दबंग किस्म के लोग उसके घर के बाहर पहुंचे और अभद्रता करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने यह भी दावा किया है कि पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
वहीं, सदर कोतवाली पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब यह देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।