बहगुल नदी में मगरमच्छों की दहशत, बकरी को बनाया निवाला

खाता गांव में सुबह-शाम नदी किनारे दिख रहे मगरमच्छ, ग्रामीणों में भय का माहौल
टेन न्यूज़ !! २६ मई २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । थाना क्षेत्र के खाता गांव में बहगुल नदी किनारे मगरमच्छों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। सोमवार को नदी किनारे एक मगरमच्छ द्वारा बकरी को निवाला बनाए जाने की घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बहगुल नदी में कई मगरमच्छ मौजूद हैं, जो अक्सर पानी से बाहर निकलकर नदी की पटरी पर टहलते दिखाई देते हैं।
गांव निवासी सुशीला देवी पत्नी अनकपाल ने बताया कि सोमवार शाम करीब चार बजे उनके घर के पास रस्सी से बंधी दो बकरियों में से एक बड़ी बकरी को पानी से निकले मगरमच्छ ने अचानक दबोच लिया। बकरी की कीमत करीब दस हजार रुपये बताई जा रही है। सुशीला देवी ने बकरी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उनके ऊपर झपट पड़ा। किसी तरह उन्होंने और दूसरी बकरी ने भागकर जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पीड़ित विधवा सुशीला देवी ने शासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छों के लगातार दिखाई देने से खेतों की ओर जाने वाले किसान, पशु चराने वाले ग्रामीण और नदी में पशु नहलाने वाले लोग भयभीत हैं। बच्चों को भी नदी किनारे जाने से रोक दिया गया है।
गांव के एक किशोर ने बताया कि वह नदी किनारे बंसी से मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान कांटे में मगरमच्छ फंस गया। जब उसने डोर खींची तो मगरमच्छ बाहर आ गया। यह देखकर वह डर गया और बंसी छोड़कर गांव की ओर भाग आया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए।
मामले की सूचना वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़कर किसी अन्य स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि की आशंका न रहे।