• Fri. Jul 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

“मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़, 1611 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज”

ByTen News One Desk

Jun 7, 2026
47 Views

“मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़, 1611 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज”


टेन न्यूज़ ii 07 जून 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। जनपद कन्नौज में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जिले के 32 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और 04 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों सहित कुल 36 स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मेले में 1611 मरीजों को निःशुल्क उपचार, जांच और परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही 35 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।

उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस मेले का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में किया गया। नोडल अधिकारी और नामित निरीक्षण अधिकारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सेवाओं के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित किया।

स्वास्थ्य मेले में मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं, हेपेटाइटिस-बी व सी की जांच, टीबी संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी दी गईं।

आंकड़ों के अनुसार मेले में लाभान्वित होने वाले 1611 मरीजों में 738 पुरुष, 654 महिलाएं और 219 बच्चे शामिल रहे। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत 35 पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाकर वितरित किए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक केन्द्र पर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे मरीजों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ऐसे मेलों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!