“शाहजहांपुर में यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन! 1013 चालान, 3 वाहन सीज”![]()
टेन न्यूज ii 07 जून 2026 ii नीरज शर्मा
शाहजहांपुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस व थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से “ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न” के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान 1013 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 03 वाहन सीज किए गए।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में शनिवार देर रात 06 जून 2026 को रात 8 बजे से 11 बजे तक जनपद के विभिन्न टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भवरे और अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार द्वारा की गई।![]()
यातायात पुलिस ने थाना मदनापुर, सिंधौली, खुटार और पुवायां क्षेत्र के टोल प्लाजा समेत अन्य स्थानों पर वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान नशे में वाहन चलाने वाले 20 चालान, मॉडिफाइड साइलेंसर के 68 चालान, प्रेशर हॉर्न व हूटर के 13 चालान, तेज रफ्तार के 166 चालान और बिना हेलमेट के 240 चालान किए गए। कुल मिलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 1013 चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने, सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया। टोल प्लाजा पर परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से पुलिस ने हालचाल और समस्याओं की जानकारी भी ली।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर जागरूकता अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई भी जारी रखी गई।