नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रक चालकों से चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज ii 31 जुलाई 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया।
औरैया जिले के अजीतमल थाना पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रक चालकों को बेहोश कर चोरी की वारदात करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20,170 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार और नशीली दवा की एक पट्टी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी अजीतमल के निकट पर्यवेक्षण में अपराध एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
जानकारी के मुताबिक 28 जुलाई 2026 को आदेश कुमार निवासी ग्राम सलेमपुर, थाना कुर्रा, जनपद मैनपुरी और सर्वेश कुमार निवासी ग्राम भरतपुर, थाना कुर्रा, जनपद मैनपुरी ने थाना अजीतमल में तहरीर देकर बताया था कि दोनों अपने-अपने ट्रकों से हाईवे स्थित सुंदरम होटल, बाबरपुर-अजीतमल में भोजन करने के लिए रुके थे।
भोजन के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर की चारपहिया गाड़ी से वहां पहुंचा और खुद को होटल कर्मचारी जैसा दिखाते हुए दोनों चालकों के पास पानी का जग रख गया। पानी और भोजन करने के कुछ समय बाद दोनों चालक अचेत होने लगे। इसके बाद वे अपने-अपने ट्रकों में जाकर सो गए।
कुछ समय बाद होश आने पर दोनों चालकों ने अपनी जेब में रखी ट्रकों की नकदी गायब पाई। शिकायत के अनुसार करीब 62 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए।
जांच के दौरान 29 जुलाई 2026 को पुलिस ने सुनील कुमार शर्मा पुत्र राममनोहर, निवासी ग्राम सिकौला थाना जसपुरा, जिला बांदा, हाल निवासी गुजैनी, बर्रा, कानपुर नगर, उम्र करीब 33 वर्ष को मधुवन ढाबे के सामने इटावा से औरैया की ओर सर्विस रोड के किनारे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 20,170 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा Alprazolam 0.50 mg की दवा की एक पट्टी बरामद की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना अजीतमल में दर्ज मु0अ0सं0 309/26 में धारा 123/303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।