चिकित्सा संस्थानों पर जिला प्रशासन का छापा, नगर में मचा हड़कंप, एक अल्ट्रासाउंड सेंटर किया गया सील
टेन न्यूज़ !! १८ जुलाई २०२५ !! अमुक सक्सेना, तिलहर (शाहजहांपुर)।
नगर में शुक्रवार को जिला प्रशासन की छापामार कार्रवाई से चिकित्सा क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अपर जिलाधिकारी (एफआर) अरविंद कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तिलहर कस्बे में अचानक छापेमारी की, जिससे नगर में संचालित कई प्राइवेट मेडिकल संस्थानों में अफरा-तफरी मच गई।
एडीएम की टीम जैसे ही लाइफ केयर अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंची, वहां निरीक्षण शुरू कर दिया गया। जांच के दौरान डॉक्टर की अनुपस्थिति और पीसीपीएनडीटी एक्ट (पूर्व गर्भधारण और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम) के उल्लंघन के कारण अधिकारियों ने अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील करने के आदेश जारी किए।
इस कार्रवाई की खबर आग की तरह पूरे नगर में फैल गई, जिसके चलते कई चिकित्सा संस्थानों के संचालक अपने प्रतिष्ठानों के शटर डाउन कर भागते नजर आए। कुछ लोग तो मौके से फरार हो गए तो कुछ इधर-उधर छिपते देखे गए।
अभियान के दौरान नोडल अधिकारी पीपी श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार मनु माथुर, सीएचसी प्रभारी डॉ. ओमेंद्र राठौर सहित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों में हड़कंप मच गया है। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहने के संकेत प्रशासन ने दिए हैं।







