जिलाधिकारी शाहजहांपुर ने किया तिरंगा रैली का शुभारंभ, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर
टेन न्यूज़ !! १४ अगस्त २०२५ !! रिपोर्ट : अमुक सक्सेना , तिलहर/ शाहजहांपुर
जनपद शाहजहांपुर में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कंपोजिट विद्यालय हथोड़ा बुजुर्ग से “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम अंतर्गत भव्य रैली का शुभारंभ किया। तिरंगा हाथ में लिए जिलाधिकारी स्वयं रैली में शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर “भारत माता की जय” के नारों के साथ उत्साहपूर्वक रैली निकाली।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम हर्ष, उल्लास और उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तिरंगा रैलियां और प्रभात फेरियां आयोजित की जा रही हैं।
यह आज़ादी हमारे वीरों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान का परिणाम है, जिसे हम कभी नहीं भूल सकते।
उन्होंने जनपद के अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने में हम सभी की अहम भूमिका है।
भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक का सक्रिय योगदान आवश्यक है।
“हर घर तिरंगा” कार्यक्रम 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत यह ऐतिहासिक आयोजन नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना और तिरंगे के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का उद्देश्य रखता है। जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की कि 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड करें।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर तिलहर से अमुक सक्सेना की रिपोर्ट







