डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांट का निरीक्षण किया, व्यवस्थाएँ सुधारने के दिए निर्देश
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२५ !! रिपोर्ट : पंकज कुमार, लोकेशन : शाहजहांपुर
शाहजहांपुर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांट का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और चिकित्सकों की उपस्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, रात्रि ड्यूटी, दवाओं के स्टॉक और चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, इंजेक्शन कक्ष, दंत चिकित्सा कक्ष, नेत्र परीक्षण कक्ष, लेबर रूम और पैथोलॉजी कक्ष का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएँ परखा।
दवा वितरण केंद्र पर दवाओं की उपलब्धता की जांच करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आवश्यक दवाओं का स्टॉक कभी खत्म नहीं होना चाहिए। स्टॉक कम होने पर तुरंत मांग भेजी जाए। उन्होंने कंट्रोल रूम से सीसीटीवी की क्रियाशीलता भी चेक की और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने पर जोर दिया।
स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई और रंगाई-पुताई जल्द पूरी कराई जाए तथा सीएचसी कांट को एक मॉडल स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समय से उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराएँ।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि अस्पताल जनता की सेवा का केंद्र है और अनुशासन व स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक अवनीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर कांट से पंकज कुमार की रिपोर्ट







