• Sat. Jul 4th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सहकारिता सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर

ByTen News One Desk

Jul 4, 2026
3 Views

सहकारिता सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में नैनो उर्वरकों के प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर


टेन न्यूज़ !! ०४ जुलाई २०२६ !! प्रभाष चंद्र ,कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में इफको कन्नौज के तत्वावधान में सहकारिता सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूक करने तथा संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने सहकारी समितियों के सचिवों को संबोधित करते हुए रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने तथा रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं आवश्यकता अनुसार प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जनपद में गठित 16 नई सहकारी समितियों के सचिवों को उर्वरक लाइसेंस भी वितरित किए गए।

इफको कन्नौज के क्षेत्र अधिकारी रामरतन सिंह ने जैव उर्वरक, सागरिका, नेचुरल पोटाश, नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग, उनकी विधि तथा किसानों को होने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी।

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता उदय शंकर ने सहकारी समितियों के सचिवों से नियमानुसार उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित करने तथा किसानों के बीच नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया।

जिला कृषि अधिकारी शशांतलाल गुप्ता ने निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित मानक से अधिक उर्वरक उपलब्ध न कराया जाए तथा उर्वरक वितरण के समय फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम कर नैनो उर्वरकों के प्रयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के समापन पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्रा ने सहकारी समितियों के सचिवों से सेवा भाव एवं ईमानदारी के साथ किसानों को आवश्यकतानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने नैनो उर्वरकों के लाभ और उनकी प्रयोग विधि का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर किसानों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन अपर जिला सहकारी अधिकारी रामनिवास राणा ने किया। इस अवसर पर अपर जिला सहकारी अधिकारी तिर्वा सुभाष यादव, अपर जिला सहकारी अधिकारी छिबरामऊ मुनीश कुमार, ब्रजेश कुमार, अंकित कुमार, सौरभ कुमार सहित इफको के अधिकारी एवं लगभग 80 सहकारी समितियों के सचिव उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!