पुरानी पेंशन समेत मांगों को लेकर कर्मचारी परिषद ने कसी कमर

टेन न्यूज़ !! २४ सितम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश, जनपद कन्नौज की जिला अध्यक्ष डॉ. सविता ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर सत्येंद्र कुमार मंजुल को पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई और संगठनात्मक तैयारियां पूरी करने की बात कही गई।
परिषद की ओर से राज्य कर्मचारियों, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और ठेका कर्मियों से जुड़ी समस्याओं के साथ पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। संगठन की ओर से कार्यकारिणी की सूची तथा वार्षिक अभिलेखीय कार्यवाही जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा आठवें वेतन आयोग से संबंधित मांगों और कर्मचारियों के हितों को लेकर आगे की रणनीति तैयार करने की बात कही गई है। परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबित मांगों को लेकर आने वाले समय में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा सकती है।
कर्मचारी संगठन की गतिविधियों के बीच अब शासन स्तर पर इन मांगों को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, यह आगे देखने वाली बात होगी।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।