• Sat. Sep 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फफूंद स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर फ्लैश मार्च, वंदे भारत, शताब्दी समेत प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग

ByTen News One Desk

Sep 5, 2026
2 Views

फफूंद स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर फ्लैश मार्च, वंदे भारत, शताब्दी समेत प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग


टेन न्यूज़ !! ०५ सितम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के दिबियापुर कस्बा स्थित उत्तर मध्य रेलवे के फफूंद रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं की मांग को लेकर मंगलवार शाम सैकड़ों नगरवासियों ने मोबाइल टॉर्च जलाकर फ्लैश लाइट मार्च निकाला। हाथों में मोबाइल की रोशनी लेकर लोगों ने रेलवे प्रशासन के प्रति विरोध जताते हुए लंबे समय से लंबित मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि फफूंद रेलवे स्टेशन जनपद का प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न शहरों के लिए आवागमन करते हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों को दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है।

मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने फफूंद स्टेशन पर वंदे भारत, शताब्दी, मूरी एक्सप्रेस, लिंक एक्सप्रेस और चित्रकूट पैसेंजर सहित प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की। लोगों का कहना था कि इन ट्रेनों का ठहराव मिलने से दिबियापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रदर्शनकारियों ने लंबे समय से बंद या प्रस्तावित ट्रेनों के ठहराव को फिर से शुरू करने तथा अन्य प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि क्षेत्र की जनता काफी समय से इस समस्या को लेकर आवाज उठा रही है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।

फ्लैश लाइट मार्च में रेलवे संघर्ष समिति दिबियापुर, नगर व्यापार संगठन, पूर्व सैनिक संगठन, राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी संगठन औरैया समेत कई सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद पोरवाल, धीरज शुक्ला, श्याम कुमार, अजय पोरवाल, सचिन गुप्ता, मनमोहन सिंह सेंगर, अमित गुप्ता, अक्षय त्रिपाठी, विवेक कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार और प्रवीण कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!