कटरा क्षेत्रगत रोडवेज बस की साइड लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 13 घायल
टेन न्यूज ।। 26 सितम्बर 2026 ।। पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे पर सीमेंट फैक्ट्री के सामने बारिश के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही रोडवेज बस की साइड लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 13 महिला-पुरुष घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जनपद बरेली के थाना बिशारतगंज क्षेत्र के गांव लोहारी निवासी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से देवनी पूजा में भतीजी के आयोजित नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। मीरानपुर कटरा क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री के सामने पहुंचते ही पीछे से आई रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में साइड मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायलों की मदद की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी कटरा भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को जिला अस्पताल शाहजहांपुर और तीन को जिला अस्पताल बरेली रेफर किया गया। बरेली भेजे गए तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। बस यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए भेजा गया।