जनगणना प्रशिक्षण में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, ड्यूटी कटवाने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा
टेन न्यूज़ ii 23 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज़,
शाहजहाँपुर। जनगणना 2027 की ट्रेनिंग में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने चेतावनी दी है कि अनावश्यक रूप से ड्यूटी कटवाने या प्रशिक्षण में लापरवाही करने वालों पर जनगणना अधिनियम 1948 के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
तहसील कलान में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण के अंतिम बैच का निरीक्षण करते हुए अपर जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कलान एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रशिक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
बताया गया कि जनपद में कुल 21 चार्ज ऑफिसर स्तर पर विभिन्न तहसीलों, नगर पंचायतों, नगर निगम और कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्रों में प्रशिक्षण कराया जा रहा है। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पहला चरण 15 से 17 अप्रैल, दूसरा चरण 20 से 22 अप्रैल तथा तीसरा चरण 23 से 25 अप्रैल तक निर्धारित है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण या ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले तथा अनावश्यक रूप से ड्यूटी कटवाने का प्रयास करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों का चिन्हांकन कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों को निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। जनगणना कार्य पूरा करने पर लगभग 25 हजार रुपये तक का मानदेय मिलेगा, जबकि प्रशिक्षण में शामिल इन्यूमरेटर और सुपरवाइजर को 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
अंत में जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, ताकि जनगणना कार्य को सफल और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।
