रायबरेली: खाना बनाते समय गैस सिलेंडर हुआ ब्लास्ट, घर का सामान जलकर राख, गृहस्वामी झुलसा
टेन न्यूज़ ii 23 अप्रैल 2026 ii वसीम खान ब्यूरो
रायबरेली। जनपद के डीह थाना क्षेत्र के घीसीगढ़ गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई और कुछ ही देर बाद जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।
इस हादसे में पूरे घर का सामान जलकर राख हो गया, जबकि आग बुझाने के प्रयास में गृहस्वामी झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय घर में खाना बनाया जा रहा था, तभी गैस लीकेज के चलते सिलेंडर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग बुझाने की कोशिश में गृहस्वामी झुलस गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जुट गई।
हालांकि, समय रहते घर में मौजूद अन्य लोग बाहर निकल आए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। लेकिन आग की चपेट में आकर घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जा सके।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट
