कन्नौज: पुलिस प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई ईद-उल-अजहा की नमाज

टेन न्यूज़ !! २९ मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, लोकेशन: कन्नौज
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर जनपद कन्नौज में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी कन्नौज श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक कन्नौज श्री विनोद कुमार ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।![]()
इस दौरान जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं भारी पुलिस बल अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहे। पुलिस की सतर्क निगरानी में ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण एवं सकुशल वातावरण में सम्पन्न कराई गई।
नमाज अदा होने के बाद पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मुस्लिम धर्मगुरुओं, सम्भ्रांत नागरिकों एवं बच्चों को ईद-उल-अजहा/बकरीद की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए ड्रोन टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से हवाई निगरानी भी की गई, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।![]()
पुलिस प्रशासन की अपील:
“त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”