कटरा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता की हासिल, डेढ़ सौ ग्राम स्मैक सहित एक अंतर्जनपदीय तस्कर पकड़ा

टेन न्यूज़ !! १४ अगस्त २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
थाना कटरा पुलिस ने बुधवार को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डेढ़ सौ ग्राम स्मैक बरामद की और एक अंतरजनपदीय तस्कर को रंगे हाथ दबोच लिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हुलास नगरा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर किसी को सौंपने आने वाला है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की और संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी।
कुछ ही देर में एक युवक वहां पहुंचा, जो पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान चमन नगरिया, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली निवासी इरफान खां के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 150 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि पकड़े गए तस्कर ने प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि आर्थिक तंगी और बेटे की गंभीर बीमारी के इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत होने के कारण उसने यह काम किया। इरफान ने बताया कि वह किसी अन्य व्यक्ति का माल तय स्थान पर देने आया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर नशा तस्करी में लिप्त है और जल्द ही इसके अन्य सदस्यों का भी पर्दाफाश किया जाएगा।






