रेलवे ट्रैक पर मिला मजदूर का शव, पुलिस जांच में जुटी

टेन न्यूज़ !! २६ अगस्त २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)।
सोमवार सुबह मीरानपुर कटरा क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर एक मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अप लाइन पर प्वाइंट संख्या 1264/23-25 के बीच शव देखा और तत्काल रेल कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान महेश पाल कश्यप (40 वर्ष) पुत्र नेत्रपाल के रूप में हुई है। मूल रूप से वह मदनापुर थाना क्षेत्र के धीमर गौंटिया गांव का निवासी था और पिछले एक वर्ष से जलालाबाद में अपने परिवार के साथ रह रहा था। पत्नी सर्वेशा देवी और पाँच बच्चों के साथ वह वहीं मकान बनाकर रहते थे। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि महेश सुबह काम पर निकला था, तभी यह हादसा हुआ। आधार कार्ड से शिनाख्त कर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है कि मजदूर ट्रैक पर कैसे पहुँचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।






