शाहजहांपुर में नकली ‘राजधानी बेसन’ फैक्ट्री का भंडाफोड़, 32 लाख से अधिक का माल सीज![]()
टेन न्यूज ii 01 जुलाई 2026 ii डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), पुलिस, जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठित ब्रांड Rajdhani Flour Mills Limited के नाम पर नकली बेसन और दाल तैयार करने वाली अवैध इकाई का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान करीब 32.87 लाख रुपये मूल्य का माल सीज किया गया।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जियाखेल स्थित आरव उद्योग में की गई। शिकायत Bhoomesh Gaur द्वारा दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि ‘राजधानी’ ब्रांड के नाम से नकली बेसन और दाल बाजार में बेची जा रही है, जिससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंच रहा है।
संयुक्त टीम ने जब आरव उद्योग पर औचक छापा मारा तो वहां बड़े पैमाने पर नकली उत्पाद तैयार होते मिले। जांच में सामने आया कि असली कंपनी के नाम और पैकिंग सामग्री का दुरुपयोग कर नकली बेसन एवं दालों को असली बताकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। इससे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ होने के साथ-साथ ब्रांड की प्रतिष्ठा को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा था।
छापेमारी के दौरान लगभग 550 भरे हुए बोरे, पैकिंग मशीन, पैकेजिंग सामग्री और भारी मात्रा में दाल व बेसन बरामद किया गया। मौके से 14 बोरे मटर दाल (418 किग्रा), 540 बोरे मसूर दाल (16,198 किग्रा), 200 खाली बोरे जिन पर ‘राजधानी बेसन’ लिखा था, तथा लगभग 386 कुंतल दाल बरामद हुई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद Food Safety and Standards Act 2006 समेत अन्य संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में अनुराधा अग्रवाल, संचालिका आरव उद्योग, के खिलाफ थाना कोतवाली में ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 की धारा 103/104 तथा बीएनएस की धारा 346, 347 और 348 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।