तिलहर में सालों से कीचड़ में जिंदगी, महिलाओं ने हाईवे किया जाम![]()
टेन न्यूज ।। 02 सितम्बर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर। तिलहर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विकासखंड ददरौल के सुनौरा अजमतपुर गांव की सैकड़ों महिलाओं ने सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। महिलाओं के सड़क पर बैठने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो किलोमीटर तक यातायात प्रभावित रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में वर्षों से पक्की सड़क और नाली का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश के दौरान गलियों में दो से तीन फुट तक कीचड़ और गंदा पानी भर जाता है। इससे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख और विधायक से शिकायत के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिला।
सोमवार सुबह करीब 11 बजे सैकड़ों महिलाएं हाईवे पर पहुंचीं और सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। जाम लगने से दिल्ली और लखनऊ की ओर जाने वाले ट्रक, बस और अन्य वाहन फंस गए।
सूचना पर तिलहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने और उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के आश्वासन पर महिलाओं ने जाम खोल दिया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 15 दिन के भीतर सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो दोबारा अनिश्चितकालीन हाईवे जाम और तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।