राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा: चलती कार का टायर फटा, खाई में पलटी चार घायल, एक की हालत गंभीर
टेन न्यूज।। 17 जुलाई 2025 ।। पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)।
गुरुवार दोपहर नेशनल हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज़ रफ्तार कार का टायर अचानक फट गया और वह अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह दर्दनाक घटना कटरा थाना क्षेत्र के संत निरंकारी सत्संग भवन के सामने हुई। लखीमपुर खीरी निवासी मोहम्मद रफी, शाहबाज, मोहम्मद जीशान और मोहम्मद अमन एक होंडा आई-20 कार (UP 30 AS 9596) से बरेली से लखीमपुर लौट रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे, कार का पिछला टायर अचानक फट गया। तेज रफ्तार में होने के कारण वाहन ने संतुलन खो दिया और कई पलटियाँ खाते हुए खाई में जा गिरा। कार एक पेड़ से टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार के अंदर ही चारों युवक फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी को बाहर निकाला और सीएचसी कटरा भिजवाया। चिकित्सकों ने तीन युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, लेकिन मोहम्मद जीशान की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया।
कार चला रहे मोहम्मद अमन ने बताया कि वह सुबह बरेली गाड़ी के कागजात लेने गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी दे गया कि हाईवे पर छोटी सी तकनीकी खराबी भी जानलेवा साबित हो सकती है।






