• Mon. Jul 13th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फर्रुखाबाद में वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ, राज्य मंत्री असीम अरुण ने मां के नाम लगाया पीपल का पौधा

ByTen News One Desk

Jul 13, 2026
4 Views

फर्रुखाबाद में वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ, राज्य मंत्री असीम अरुण ने मां के नाम लगाया पीपल का पौधा


टेन न्यूज ii 13 जुलाई 2026 ii तौफ़ीक़ फारुकी ब्यूरो

फर्रुखाबाद। जनपद में रविवार को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं कन्नौज सदर विधायक असीम अरुण ने वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस वर्ष जिले में लगभग 40 लाख 93 हजार पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें 22 विभागों की सहभागिता रहेगी। मोहम्मदाबाद ब्लॉक के ग्राम दरौंदी में वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में करीब 5 हेक्टेयर भूमि पर 8 हजार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असीम अरुण ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल के पौधे का पूजन कर उसे अपनी मां को समर्पित करते हुए रोपित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पाकड़ का पौधा लगाया। वहीं सांसद मुकेश राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।

राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश को ‘ग्रीन प्रदेश’ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जा रहे हैं, जो एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस महाअभियान में फर्रुखाबाद का लगभग एक प्रतिशत योगदान है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने पौधरोपण को जन आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखना भी उतना ही आवश्यक है।

असीम अरुण ने हरिशंकरी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पीपल, पाकड़ और बरगद को त्रिकोणाकार रूप में लगाने की परंपरा धार्मिक और वैज्ञानिक दोनों दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन वृक्षों से चौबीसों घंटे ऑक्सीजन मिलने के साथ पक्षियों एवं अन्य छोटे जीवों को सुरक्षित आश्रय भी मिलता है।

छह माह बाद स्वयं देखेंगे पौधे की स्थिति

कार्यक्रम के दौरान मंत्री असीम अरुण ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) से कहा कि उनकी मां के नाम लगाए गए पौधे की नियमित तस्वीर उन्हें भेजी जाए। उन्होंने कहा कि वह छह माह बाद स्वयं आकर पौधे की स्थिति का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने वन विभाग की ट्री गार्ड योजना की सराहना करते हुए कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि अपनी निधि से एक ट्री गार्ड उपलब्ध कराता है, तो वन विभाग उसी स्थान पर दो अतिरिक्त ट्री गार्ड उपलब्ध कराता है।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ पशु-पक्षियों, वन्य जीवों एवं अन्य छोटे जीवों का जीवन भी सुरक्षित होगा। उन्होंने इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण का महत्वपूर्ण अभियान बताया।

सितंबर से शुरू हो सकता है लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के लिए लगभग 80 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सितंबर माह से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके पूरा होने के बाद फर्रुखाबाद की दूरी लखनऊ और दिल्ली से काफी कम हो जाएगी तथा जनपद को गंगा एक्सप्रेसवे का भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधरोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!