मीरानपुर कटरा: शारदा नहर के पास पिकअप-ट्रैक्टर की टक्कर, बड़ा हादसा टला
टेन न्यूज़ | 23 जुलाई 2025!! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह लगभग 6 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शारदा नहर के पास एक पिकअप और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई, लेकिन सौभाग्यवश कोई घायल नहीं हुआ और सभी सवार सुरक्षित बच निकले।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ के थाना चंदवा क्षेत्र निवासी धाकड़ यादव पुत्र रामप्यारी पिकअप (UP 32 NT 6540) से बरेली की ओर जा रहे थे। वाहन में फेस पत्ता लदा हुआ था। इसी दौरान कटरा की ओर से आ रहा एक ट्रैक्टर, जिस पर कई लोग सवार थे, सामने से आ गया।
ट्रैक्टर सवारों की पहचान शकील पुत्र मुन्ने हसन, मुकीम व मुस्तकीम पुत्र सौकीन, काले उर्फ नसीम पुत्र अब्बुल हसन, रेहान पुत्र किश्वर, और सरफुद्दीन के रूप में हुई है। टक्कर से ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और राहत की सांस ली कि कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा एक चेतावनी है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सतर्कता, गति पर नियंत्रण और संयम जरूरी है, वरना मामूली लापरवाही भी बड़ा खतरा बन सकती है।







