बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे राज्यमंत्री असीम अरुण, ट्रैक्टर और नाव से लिया जायजा![]()
कहा, संकट की घड़ी में सरकार हर परिवार के साथ
टेन न्यूज ।। 13 सितम्बर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने आज जनपद के बाढ़ प्रभावित कटरी अमीनाबाद क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित ग्रामीणों का हालचाल जाना। गांवों के संपर्क मार्गों पर पानी का तेज बहाव होने के कारण उन्होंने ट्रैक्टर से ग्राम मदारी पूर्वा, गंगुपुरवा, टिक्का पूर्वा, धिम्मा पूर्वा, कटरी फिरोजपुर सहित विभिन्न प्रभावित गांवों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।![]()
प्रधान प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त ग्रामों के लगभग 100 घरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। राज्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से बातचीत करते हुए उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी परिवार को भोजन, स्वास्थ्य, पशुओं की देखभाल अथवा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणों को लंच पैकेट वितरित करते हुए कहा कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जाएगी।![]()
इसके उपरांत राज्यमंत्री ने नाव से काली नदी के बहाव तथा आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जलस्तर, आवागमन, राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम मदारी पूर्वा में बाढ़ प्रभावित उक्त ग्रामीणों के लगभग 550 लोगों को लाई के पैकेट, आलू के पैकेट, त्रिपाल, बाल्टी, डिब्बा, दाल, चावल, आटा, नमक, चीनी, रिफाइंड, मसाले सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। ![]()
उन्होंने मौके पर चिकित्सा विभाग, पशुपालन विभाग, राजस्व एवं आपदा विभाग तथा पुलिस विभाग द्वारा लगाए गए राहत एवं सहायता शिविरों का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की नियमित देखभाल, उपचार एवं आवश्यकतानुसार टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पशुओं के लिए चारा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रभावित ग्रामों में साफ-सफाई, जल निकासी एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। प्रशासन का प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हर समय तत्पर रहे और किसी भी जरूरतमंद तक राहत पहुंचने में देरी न हो।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 श्री देवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्री वैभव गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरदुल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री राजेंद्र प्रकाश सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।