कटरा में त्योहारों को लेकर पुलिस सतर्क, ट्रेनी सीओ ने कराया साइबर क्राइम प्रशिक्षण
टेन न्यूज़ !! ०१ सितम्बर २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)।
नगर में आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशिक्षु सीओ आकृति पटेल व थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च व पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान सीओ ने बारावफात जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया और मस्जिदों के इमाम से संवाद कर परंपरागत मार्ग से ही जुलूस निकालने की अपील की। साथ ही दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि गणेश विसर्जन पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में थाना परिसर में ट्रेनी सीओ आकृति पटेल ने पुलिस स्टाफ को बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि अपराधी फोन कॉल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया और बैंकिंग ऐप्स का सहारा लेकर लोगों को ठग रहे हैं। इसलिए पुलिस को सतर्क रहकर जनता को जागरूक करना होगा।

सीओ ने निर्देश दिया कि किसी भी साइबर अपराध की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) तथा हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जनता की सजगता से ही ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोकथाम संभव है।
त्योहारों की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम दोनों मोर्चों पर कटरा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद।







