पुलिस लाइन कन्नौज में गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिसकर्मियों ने ली एकता की शपथ

एसपी विनोद कुमार ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को किया सम्मानित
टेन न्यूज़ !! ०२ अक्टूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन कन्नौज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने दोनों महापुरुषों के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर एसपी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिसकर्मियों से दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, अहिंसा, सद्भाव, भाईचारा, परिश्रम और सन्मार्ग के रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए समाज में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर सुरेश कुमार, क्षेत्राधिकारी कार्यालय रामअवतार, क्षेत्राधिकारी लाइन शिल्पा वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक कन्नौज सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।