औरैया सिलेंडर ब्लास्ट में दो युवकों की इलाज के दौरान मौत

दिल्ली में शिवम और विपिन ने तोड़ा दम, नाबालिगों से सिलेंडर संबंधी काम कराने का आरोप
टेन न्यूज़ !! ०२ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल।
औरैया। कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के मुरादगंज कस्बे में 13 सितंबर को शिव शंभू स्वीट हाउस के गोदाम में हुए सिलेंडर विस्फोट और अग्निकांड में घायल चार कारीगरों में से दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शिवम पुत्र सज्जन बाबू और विपिन पुत्र किशनलाल को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया था। इलाज के दौरान 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे शिवम ने दम तोड़ दिया, जबकि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे विपिन की भी मौत हो गई। दोनों की मौत की सूचना से परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद चारों घायलों को मेडिकल कॉलेज चिचैली ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर रेफर किया। करीब दस दिन उपचार के बाद हालत में कुछ सुधार होने पर दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां भर्ती नहीं हो सके। इसके बाद उन्हें सैफई ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए शिवम और विपिन को दिल्ली ले जाने की सलाह दी गई थी।
परिजनों ने लगाया उपचार में लापरवाही का आरोप
दोनों युवकों की मौत के बाद परिजन गुरुवार को मुरादगंज पुलिस चौकी पहुंचे और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह ने मामले में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई किए जाने की बात कही।
इसके बाद मृतकों के परिजन कोतवाली अजीतमल पहुंचे। जगतपुर निवासी अनुज कुमार पुत्र कैलास बाबू ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मुरादगंज मुख्य चौराहे पर स्थित शिव शंभू स्वीट हाउस में पिछले दो-तीन वर्षों से कई नाबालिग लड़के काम कर रहे थे। इनमें उनके चचेरे भाई शिवम और विपिन भी शामिल थे। आरोप है कि दुकान संचालक नाबालिगों से दुकान के काम के साथ गोदाम में गैस सिलेंडर से संबंधित कार्य भी कराते थे।
तहरीर के अनुसार, 13 सितंबर को दोपहर करीब 12:45 बजे गोदाम में काम के दौरान गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए थे। अनुज कुमार ने नाबालिगों से सिलेंडर संबंधी काम कराने और घायलों के उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
मुकदमे का आदेश हुआ, बाद में तहरीर वापस ली
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई और चाचा तहरीर लेकर आए थे। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश भी कर दिया गया था। इसी दौरान मृतक के पिता का फोन आने के बाद परिजनों ने फिलहाल मुकदमा दर्ज कराने से मना कर दिया और तहरीर वापस लेकर चले गए।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने बताया है कि मृतक के पिता के वापस आने के बाद मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। तहरीर दोबारा प्राप्त होने पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।