काच्यानी खेड़ा बालाजी धाम पर आखिरी मंगलवार को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Ten News !! 03 June 2026 !! Amuk saxena
तिलहर। जेठ माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध काच्यानी खेड़ा बालाजी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नेशनल हाईवे किनारे स्थित इस धार्मिक स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बालाजी महाराज को प्रसाद अर्पित किया तथा अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। दर्शन के लिए लगी लंबी कतारों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पुलिस और मंदिर प्रबंधन ने विशेष इंतजाम किए थे।
धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भक्तों द्वारा एक दर्जन से अधिक भंडारों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को मीठा शरबत, ठंडा पानी और अन्य प्रसाद वितरित किया गया।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए कूलर, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई, जिससे दर्शनार्थियों को राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की कुछ घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन विशेष रूप से सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए श्रद्धालुओं के दर्शन एवं आवागमन को सुचारु बनाए रखा गया।