लखनऊ अग्निकांड के बाद जागा रायबरेली प्रशासन, कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच में खुली पोल

टेन न्यूज़ !! २३ जून २०२६ !! रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो, लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली। लखनऊ के सरोजिनी नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद रायबरेली जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जनपद में केवल 19 कोचिंग संस्थान ही विधिवत पंजीकृत हैं, जबकि बड़ी संख्या में कोचिंग सेंटर बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अधिकांश संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम नहीं हैं।
डिग्री कॉलेज चौराहे के आसपास स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों की जांच के दौरान केवल आकाश इंस्टीट्यूट में फायर फाइटिंग सिस्टम और आपातकालीन निकास व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इसके विपरीत कई अन्य संस्थानों में अग्निशमन उपकरण तक उपलब्ध नहीं मिले।
जांच टीम ने पाया कि अनेक कोचिंग सेंटर संकरी गलियों और बहुमंजिला इमारतों में संचालित हो रहे हैं, जहां न तो पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था है और न ही आपातकालीन निकास मार्ग। ऐसे में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर न करने वाले तथा बिना पंजीकरण संचालित होने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सीलिंग सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ की दुखद घटना के बाद शुरू हुए इस अभियान से अभिभावकों और छात्रों में सुरक्षा को लेकर नई उम्मीद जगी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासनिक कार्रवाई कितनी प्रभावी और स्थायी साबित होती है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।