कुसक गांव में बारिश का कहर, गलियां बनीं तालाब; तीन परिवारों ने छोड़े घर, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत ![]()
टेन न्यूज़ ।। 28 सितम्बर 2026 ।। पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम कुसक में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज बारिश के बाद गांव की गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं और कई स्थानों पर पानी इतना भर गया है कि रास्ते तालाब का रूप ले चुके हैं। घरों के आसपास जलभराव होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति बिगड़ने पर तीन परिवारों को अपने घर छोड़कर अन्य स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में हर वर्ष जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। इस बार लगातार हो रही बारिश से हालात और गंभीर हो गए हैं। गांव के मुख्य रास्तों पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को घर से बाहर निकलने में विशेष दिक्कत हो रही है।
समस्या से परेशान रणवीर सिंह के नेतृत्व में अमित कुमार, सुरेश सिंह, महेश पाल, राजेश कुमार, रामनिवास और इरसाद समेत करीब आधा दर्जन ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी कराने के साथ ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने ग्राम प्रधान से भी समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार प्रधान पुत्र अमित सिंह को भी मामले की जानकारी देकर समाधान कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने संतोषजनक वार्ता नहीं की।
मामले में प्रधान पुत्र का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर टीम भेजकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण कराने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।