तिलहर में कल से होगा किसानों का आंदोलन, फसल मुआवजे की मांग

टेन न्यूज़ ।। 29 सितम्बर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम तिलहर को ज्ञापन सौंपकर किसानों की बारिश से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिलाने की मांग की। किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।
ज्ञापन में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 335 को खुलवाने, वैकल्पिक मार्गों की मरम्मत कराने समेत कई अन्य समस्याओं का उल्लेख किया गया। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है, इसलिए प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने इन मांगों को लेकर बुधवार से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन के अनुसार, तिलहर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 334 बी के पास सुबह 11 बजे धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। यूनियन ने किसानों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को मजबूत करने की अपील की है।