रवि रस्तोगी की पहल रंग लाई, मंत्री सौरभ बहुगुणा के हस्तक्षेप से मेडिकल स्टोरों के लिए रोस्टर व्यवस्था लागू

टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, उधमसिंह नगर/उत्तराखंड
सितारगंज नगर क्षेत्र में प्रत्येक मंगलवार को मेडिकल स्टोर बंद रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय सभासद एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी ने 24 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। अब उनकी पहल और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के हस्तक्षेप के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान निकल आया है।
समस्या के समाधान के लिए सरकारी अस्पताल सितारगंज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप यादव, ड्रग इंस्पेक्टर नीरज दिवाकर तथा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सभासद रवि रस्तोगी भी मौजूद रहे और उन्होंने मरीजों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगा सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन के साथ चर्चा कर सहमति बनाई कि मंगलवार को सभी मेडिकल स्टोर एक साथ बंद नहीं रहेंगे। इसके स्थान पर अब रोस्टर व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसके तहत कुछ मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे ताकि जरूरतमंद मरीजों को दवाइयों की उपलब्धता बनी रहे।
इस निर्णय से नगर क्षेत्र के मरीजों, बुजुर्गों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर निर्भर लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रवि रस्तोगी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है और आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगा सिंह, संजय जिंदल, नीरज जिंदल, यश अरोरा, कुलदीप गोगना, जावेद मलिक, गौरव गोयल, विनोद बजाज, राकेश मित्तल, नथु गोयल, बलविंदर संधू और जितेन्द्र कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि नई रोस्टर व्यवस्था से मंगलवार के दिन भी जरूरतमंदों को समय पर दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी।