• Sun. Jun 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, नशा तस्कर हिस्ट्रीशीटर का अवैध मकान ध्वस्त

ByTen News One Desk

Jun 21, 2026
10 Views

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, नशा तस्कर हिस्ट्रीशीटर का अवैध मकान ध्वस्त


टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो

उधमसिंह नगर/उत्तराखंड । रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत ऊधम सिंह नगर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नानकमत्ता के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं नशा तस्कर तारा सिंह के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान करीब दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

नानकमत्ता कोतवाल संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से सरकारी भूमि पर बने अवैध मकान को गिरा दिया। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

पुलिस जांच में सामने आया कि नानकमत्ता डैम बंदा गिधौर निवासी तारा सिंह और उसके परिजनों ने नानकसागर बांध क्षेत्र में सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर रखा था। लंबे समय से सरकारी भूमि पर किए गए इस अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत अवैध कब्जे को हटाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों, अपराधियों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे तथा सरकारी संपत्तियों को कब्जामुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही और स्थानीय लोगों ने प्रशासन की पहल का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!