जिलाधिकारी की अध्यक्षता में डूडा कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
टेन न्यूज़ !! १५ जुलाई २०२५ !! डीपी सिंह डेस्क@शाहजहाँपुर
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट वीसी सभागार में नगर विकास अभिकरण डूडा के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की स्थिति, लंबित मामलों तथा स्वीकृत आवेदनों की प्रगति की समीक्षा करना रहा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने डूडा अधिकारियों से अब तक प्राप्त आवेदनों की संख्या, स्वीकृत आवेदनों की स्थिति तथा उन पर कार्य प्रारंभ होने अथवा कार्य न शुरू होने के कारणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से प्रथम किश्त का भुगतान सुनिश्चित किया जाए और यह भी देखा जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना से वंचित न रहना पड़े।
जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त श्री एस.के. सिंह को निर्देशित किया कि वे उन सभी लाभार्थियों की सूची शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराएं, जिन्हें प्रथम किश्त प्राप्त हो चुकी है लेकिन जिनके निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हो सके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों की गहराई से जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं कोई तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन तो नहीं है।
एसके सिंह को यह भी निर्देशित किया गया कि लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, जो आवेदन अभी स्वीकृत नहीं हुए हैं, उनकी प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और पात्रता की पुष्टि कर शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त एस के सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







