तिलहर में सिख समाज की भव्य कीर्तन यात्रा संपन्न, गतका प्रदर्शन देखकर मंत्रमुग्ध हुए लोग
टेन न्यूज़ !! १7 नवम्बर २०२५ !! रिपोर्ट : अमुक सक्सेना, लोकेशन : तिलहर (शाहजहांपुर)
शाहजहांपुर जनपद के तिलहर नगर क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज स्थित गुरुद्वारे से सिख समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली भव्य कीर्तन यात्रा बड़े हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए पूरे नगर के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कीर्तन यात्रा की विशेष आकर्षण रही गतका पार्टी, जिसने पूरे रूट पर हैरतअंगेज युद्धकला के करतब प्रस्तुत किए। गतका कलाकारों के कौशल को देखकर नगरवासी मंत्रमुग्ध रह गए और जगह-जगह उनके प्रदर्शन की सराहना की। यात्रा बहादुरगंज से प्रारंभ होकर बाईपास चौराहे सहित नगर के विभिन्न मोहल्लों व मुख्य मार्गों से होकर निकली।
यात्रा के दौरान सिख समाज के लोगों ने मार्ग में मिलने वाले नगरवासियों व राहगीरों को प्रसाद वितरित किया। पूरे कार्यक्रम में सामुदायिक एकता और धार्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग यात्रा में शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही और पूरे रूट पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे कीर्तन यात्रा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
नगर में पूरे दिन कीर्तन यात्रा की धुन और श्रद्धालुओं के जयकारे गूंजते रहे। टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर तिलहर से अमुक सक्सेना की रिपोर्ट







