टिसुआ में ट्रक की टक्कर से छात्र की मौत, परिवार में कोहराम![]()
टेन न्यूज।। 19 सितम्बर 2026 ।। मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/शाहजहांपुर। टिसुआ चौराहे पर शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हाईवे पार करते समय अज्ञात ट्रक की टक्कर से 15 वर्षीय छात्र अनमोल की मौत हो गई। अनमोल बाकरगंज निवासी राजपाल का बेटा था और टिसुआ में कोचिंग पढ़ने आया था।
सीसीटी टीम प्रभारी श्याम सिंह के अनुसार अनमोल अपने साथी मोहित के साथ बाइक से टिसुआ पहुंचा था। मोहित बाइक किनारे खड़ी कर पानी पीने लगा। इसी दौरान अनमोल बाइक लेकर हाईवे पार करने लगा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।![]()
पुलिस ने घायल अनमोल को सीएचसी फरीदपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनमोल निकसुआ स्थित श्री कस्तूरी लाल जुक्खी 5 इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। वह पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।![]()
स्थानीय लोगों के अनुसार टिसुआ चौराहे पर सुरक्षित क्रॉसिंग नहीं होने से लोगों को डिवाइडर पार कर हाईवे पार करना पड़ता है। क्षेत्र में आए दिन हादसे होने की बात कही गई। लोग लंबे समय से सुरक्षित क्रॉसिंग या ओवरब्रिज की मांग कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।